वाराणसी, 05 नवंबर, 2026। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में रेलवे पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के अंतर्गत दिनांक 05 नवंबर, 06 नवंबर एवं 27 नवंबर, 2026 को मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष शिविर बरेका संस्थान स्थित सम्मान कक्ष में आयोजित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 अभियान 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है।
महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सरल, सुगम एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इस पहल से पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा उनकी पेंशन संबंधी प्रक्रिया भी अधिक सहज हो सकेगी।
कैंप के दौरान पेंशनभोगियों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने एवं ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया में आवश्यक तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है। विशेष रूप से फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से घर बैठे अथवा शिविर में आसानी से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पाल ने शिविर की व्यवस्थाओं पेंशनभोगियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस कार्य को पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस अभियान को सफल बनाने में बरेका के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ भारतीय स्टेट बैंक, बरेका शाखा तथा पेंशनर्स एसोसिएशन का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम में एम. ए. अंसारी, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार,विनय कुमार गुप्ता एवं उमेश प्रसाद, मुख्य कार्यालय अधीक्षक, विजय कुमार, कार्यालय अधीक्षक, डॉ. सौरभ सागर, सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी, कमला श्रीनिवासन एवं चंद्रकला, मुख्य नर्सिंग अधीक्षक, दुर्गेश नंदन, ईसीजी तकनीशियन, ए. के. सिन्हा, महासचिव, पेंशनर्स एसोसिएशन, बरेका, ऋचा त्रिपाठी, मुख्य प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, बरेका शाखा, प्रांजल सिंह, कस्टमर एसोसिएट तथा विकास कुमार विश्वकर्मा, सेवा सारथी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पेंशनभोगियों को आवश्यक बैंकिंग एवं डिजिटल प्रक्रिया से संबंधित सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे उन्हें जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने एवं जमा करने में सुविधा मिल रही है। बरेका प्रशासन की यह पहल अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से पेंशन संबंधी सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं सुलभ बनाने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है।







