मीरजापुर । पुलिस लाइन मीरजापुर स्थित माँ विन्ध्यवासिनी सभागार कक्ष में शनिवार को यातायात माह नवम्बर-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि जिलाधिकारी का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सभी को दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
जनजागरण को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लाइन से यातायात जागरूकता चेतना रैली निकाली गई, जिसे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, पीएसी बैंड पार्टी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में यातायात पुलिस एवं स्वयंसेवी समूहों के सहयोग से नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, निबंध लेखन प्रतियोगिता सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही यातायात जागरूकता चेतना रथ के माध्यम से पूरे जनपद में भ्रमण कर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।






