उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने के मामले में केराकत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में फर्जी तरीके से परीक्षा देने वाला व्यक्ति और वास्तविक अभ्यर्थी शामिल हैं।
आधार-पैन कार्ड से खुला फर्जीवाड़ा
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को PET परीक्षा की दूसरी पाली में एक व्यक्ति गौतम कुमार के नाम पर परीक्षा देने पहुंचा था। लेकिन उसके आधार कार्ड और पैन कार्ड पर संतोष कुमार का नाम दर्ज था। जांच में परीक्षा में पहचान संबंधी गड़बड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
1. संतोष कुमार पुत्र गौरीशंकर
2. गौतम कुमार पुत्र स्वर्गीय प्रीतम प्रसाद
दोनों आरोपी ग्राम सिरसिया, महादेवा बाजार, थाना कारखाना रामपुर, जनपद देवरिया के निवासी हैं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में थाना केराकत में मुकदमा संख्या 449/2026 के तहत सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 की धारा 3/9 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देशन, क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवानंद वर्मा व पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।






