मीरजापुर। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के संस्थापक एवं पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री अपने तीन दिवसीय संगठन विस्तार प्रवास के तहत मीरजापुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन के विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से आशुतोष दत्त पांडेय को राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का मीरजापुर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का मुख्य उद्देश्य समाज में सामाजिक समरसता, बंधुत्व और न्याय व्यवस्था को स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि संगठन गरीब, शोषित, वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष करेगा और जन-जन तक संगठन की विचारधारा को पहुंचाएगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आशुतोष दत्त पांडेय ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे और जिले के हर तहसील, ब्लॉक तक संगठन को मजबूत करेंगे।
उन्होंने जिले के सभी सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, युवाओं और प्रबुद्धजनों से अपील की कि जिले में सामाजिक समरसता एवं न्याय व्यवस्था स्थापित करने में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के सहयोगी बनें।







