वाराणसी
वाराणसी कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने प्रत्येक मंगलवार की भांति रामनगर में जनसंपर्क कर लोगों का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इसी क्रम में विधायक सौरभ श्रीवास्तव रामनगर के जनकपुर कॉलोनी पहुंचे। यहां चालमारी ग्राउंड के बगल स्थित कॉलोनी के लोगों ने सड़क निर्माण के दौरान लगभग 20 मीटर सड़क छूट जाने की समस्या से अवगत कराया।
इस पर विधायक ने तत्काल अपनी विधायक निधि से छूटी हुई सड़क का निर्माण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी निर्धारित समय पर नहीं आती, जिसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और मौके पर मौजूद सुपरवाइजर को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को लगातार निर्देशित किया जाता रहेगा।
इस दौरान प्रीति सिंह, अशोक जायसवाल, संतोष द्विवेदी, अनुपम गुप्ता, सृजन श्रीवास्तव, जितेंद्र पांडेय, लल्लन सोनकर, रितेश राय, मनोज यादव, रितेश पाल, अनुराग श्रीवास्तव, उदय बिहारी, गोविंद मौर्य, भैयालाल सोनकर, जितेंद्र सिंह, विनोद पटेल, स्वयं श्रीवास्तव, विकास सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







