मड़िहान, मीरजापुर। मड़िहान एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर 2500 किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय किसान और होम्योपैथिक चिकित्सा – स्वस्थ किसान, समृद्ध किसान, खुशहाल भारत रहा।
संगोष्ठी में लाइफ लाइन होम्योपैथिक क्लीनिक द्वारा विशाल निशुल्क सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में फिजिशियन होम्योपैथिक स्पेशलिस्ट अविनाश पांडेय के नेतृत्व में राहुल वर्मा, मधुलता, दिव्या पांडेय, मनीष पांडेय, अनीश कश्यप और संजू पांडेय की टीम ने किसानों को निशुल्क परामर्श दिया। शिविर में साइटिका, अर्थराइटिस, गठिया, जोड़ों का दर्द, चर्म रोग, एलर्जी, अस्थमा, दमा, बीपी, शुगर, माइग्रेन, स्त्री रोग, कुष्ठ रोग, बवासीर, भगंदर, पथरी सहित अन्य रोगों के मरीजों को देखा गया और निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
अपने उद्बोधन में अविनाश पांडेय ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि भाग्य विधाता है। धूप, बारिश और सर्दी में खेतों की रखवाली कर किसान अनाज पैदा करता है। लगातार खेतों में काम करने से कमर दर्द, जोड़ों का दर्द, त्वचा रोग, एलर्जी और सांस संबंधी समस्याएं होती हैं, इसलिए समय पर जांच और उपचार जरूरी है। उन्होंने होम्योपैथी में उपयोगी दवाओं के बारे में जानकारी दी और कहा कि किसी भी चिकित्सा पद्धति में योग्य चिकित्सक की सलाह और सही जांच आवश्यक है, स्वयं दवा न लें।
उन्होंने किसानों के लिए छह सुझाव दिए – अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें, खेत में काम करते समय सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें, कीटनाशकों से बचाव रखें, स्वच्छ पानी और पौष्टिक भोजन लें, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और लक्षण दिखने पर योग्य चिकित्सक से परामर्श लें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भजूराम शर्मा, एक सिंह और बृज कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुधीर कुमार श्रीवास्तव, कुमार सत्येंद्र सिंह, आशीष श्रीवास्तव, वैभव सिंह, सिकंदर पटेल, दीनानाथ सिंह, अवैध द्विवेदी, हरि प्रसाद पटेल, नीरज पटेल मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मड़िहान एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष कमलेश सिंह ने की। सचिव सत्य प्रकाश सिंह, राजकुमार सिंह, मंशा सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।







