शहाबगंज, चंदौली
स्थानीय विकास खंड के शिवपुर मौजा में स्थित श्री योगेश्वर नाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, में सोमवार को वार्षिकोत्सव सह विदाई समारोह का भव्य आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समारोह सुबह 10 बजे ठीक समय से शुरू हो गया और देर शाम तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच अनवरत चलता रहा।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत, लोक नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरि ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने शिक्षा के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का मुख्य आधार है। विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ना चाहिए और अपनी प्रतिभा का उपयोग देश के विकास में करना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का भी अवसर देते हैं।
सत्र में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। कॉलेज प्रशासन की इस पहल से अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने की प्रेरणा मिली।वार्षिकोत्सव के साथ ही महाविद्यालय के बीए (BA) कोर्स के अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का भी आयोजन हुआ।

इस दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों ने कॉलेज में बिताए अपने खट्टे-मीठे अनुभवों और यादों को मंच पर साझा किया, जिससे माहौल में भावुकता के साथ-साथ उत्साह भी देखने को मिला। प्राध्यापकों ने सभी को भविष्य में सफलता हासिल करने और जीवन में हमेशा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधक विभा गिरि मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक कुलदीप यादव, डॉ. इरफान अहमद, जमाल अहमद, राजाराम गिरि, रजवंत फौजी, वशिष्ठ सिंह मौर्य और सतीश गुप्ता सहित अन्य शिक्षणेत्तर कर्मचारियों व विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।

समारोह का कुशल संचालन शिक्षक जमाल खान ने किया।







