चन्दौली इलिया।
प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण घुरहुपुर स्थित तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा एवं प्राचीन अभिलेख क्षेत्र में आस्था और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। इसी क्रम में बौद्ध धर्म संस्था की ओर से घुरहुपुर में भव्य बौद्ध महोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायियों, श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता की। महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में लोकप्रिय सांसद छोटेलाल खरवार तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट, अश्वनी सोनकर, टोनी खरवार एवं जिला पंचायत सदस्य दशरथ चंद्र सोनकर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद छोटेलाल खरवार ने भगवान तथागत गौतम बुद्ध के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बुद्ध ने संपूर्ण विश्व को करुणा, अहिंसा, सत्य, शांति और परोपकार का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विश्वभर में बुद्ध के संदेशों को सम्मान मिलना भारत के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर सांसद छोटेलाल खरवार ने घुरहुपुर स्थित बौद्ध स्थल पर अपनी सांसद निधि से जल्द से जल्द सोलर हाईमास्ट लाइट लगवाने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से बौद्ध स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
कार्यक्रम में बौद्ध भिक्षुओं के साथ वरिष्ठ समाजसेवी त्रिलोकी पासवान, सदर मुस्ताक साहब, सनी मौर्य, भावी प्रधान बुलबुल मौर्य, अरुण यादव, बीरबल सिंह, राम राजभर, शैलेश राव, देवा सरकार, भानू प्रताप, रामभरोस सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड राजभर ने की, जबकि संचालन श्रीकांत मौर्य ने किया। महोत्सव के माध्यम से भगवान बुद्ध के शांति, सद्भाव और मानव कल्याण के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।







