चन्दौली धीना कमालपुर
रामलीला समिति की ओर से आयोजित भरत मिलाप कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही। रथ पर सवार होकर प्रभु श्रीराम बने गौतम दुबे,माता जानकी बने राधे रस्तोगी और लक्ष्मण बने लवकुश दुबे जी ने पूरे बाजार का भ्रमण किया।
इस दौरान बाजार की गलियों में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रभु के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया
भरत मिलाप कार्यक्रम के दौरान जैसे ही भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी का रथ बाजार में पहुंचा, रामभक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ उनका स्वागत किया। बाजार में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने अपने घरों के सामने प्रभु श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी का माल्यार्पण कर आरती उतारी तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। लोगों ने पूरे भक्तिभाव के साथ प्रभु की पूजा-अर्चना की। इस दौरान वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
प्रभु के दर्शन को आतुर दिखे श्रद्धालु
भरत मिलाप की इस पावन बेला में श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी। घरों के सामने महिलाओं, पुरुषों और अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। जगह-जगह हुए स्वागत और पूजन से पूरा बाजार भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
बाजार भ्रमण के बाद भगवान श्रीराम ,माता जानकी और लक्ष्मण जी का रथ रामलीला मैदान पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम ने क्षेत्र की धार्मिक परंपरा, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।
आस्था और परंपरा का प्रतीक है भरत मिलाप
भरत मिलाप का प्रसंग भाई के प्रति प्रेम, त्याग, समर्पण और पारिवारिक मर्यादा का संदेश देता है। भगवान श्रीराम और भरत के मिलन की परंपरा भारतीय संस्कृति में विशेष स्थान रखती है। कमालपुर में आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। श्रद्धा और उत्साह के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने एक बार फिर क्षेत्र में रामभक्ति की गहरी आस्था को उजागर किया।
इस मौके पर अध्यक्ष हरिवंश उपाध्याय, संजीवन मिश्रा, संजय मिश्रा, प्रमोद रस्तोगी,गणेश अग्रहरि, विकास गुप्ता, अरविंद वर्मा, सोनू गुप्ता, कमलेश गुप्ता, हर्ष अग्रहरि, धीरज अग्रहरि, पिंटू शर्मा, पवनेश जायसवाल, बिनोद अग्रहरि, अरविंद दुबे, महेंद्र उपाध्याय,पप्पू दुबे आदि रहे।







