लखनऊ, 14 अक्टूबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए गन्ना विकास विभाग ने सस्ती चीनी उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की है। अब राजधानी के लोग लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर स्थित विक्रय केंद्र से मात्र 52 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर चीनी खरीद सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने चीनी के दामों को लेकर चीनी उद्योग व गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आमजन को परेशानी न हो, इसके लिए विशेष निर्देश दिए थे। सीएम के निर्देश के बाद विभाग ने यह सुविधा शुरू की है।
क्या है रेट?
विभाग के अनुसार चीनी 1 किलो, 2 किलो, 5 किलो और 50 किलो के पैकेट में उपलब्ध होगी:
– सामान्य चीनी: 1 किलो – 52 रुपये, 2 किलो – 102 रुपये, 5 किलो – 250 रुपये, 50 किलो – 2500 रुपये
– सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर की चीनी: 1 किलो – 51 रुपये, 2 किलो – 102 रुपये, 5 किलो – 245 रुपये, 50 किलो – 2400 रुपये
समय और स्थान
चीनी की यह विशेष बिक्री प्रत्येक कार्यदिवस में नियमित रूप से संचालित होगी। उपभोक्ता सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर में स्थित चीनी निगम / सहकारी चीनी मिल संघ के चीनी विक्रय केंद्र से खरीदारी कर सकते हैं।
बिक्री केंद्र पर उपभोक्ताओं की सुविधा और सुगम खरीदारी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उपभोक्ता अपनी दैनिक आवश्यकता के अनुसार चीनी खरीद सकते हैं।
गन्ना विकास विभाग ने राजधानी के नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनोपयोगी व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।







