पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशन में प्रतिबंधित मांझे की बिक्री, भंडारण एवं उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपायुक्त, काशी जोन के निर्देशन में तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के नेतृत्व में काशी जोन की संबंधित पुलिस टीमों द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई ।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग एवं सघन तलाशी की कार्रवाई करते हुए कुल 123.873 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा बरामद किया गया । इस कार्रवाई में 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके विरुद्ध कुल 03 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं ।
प्रतिबंधित मांझे की बिक्री एवं उपयोग पर निगरानी रखने तथा संभावित स्थानों को चिह्नित करने के उद्देश्य से ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी एवं चेकिंग की गई । पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा ऐसे मांझे की बिक्री, भंडारण एवं उपयोग के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है ।
कमिश्नरेट वाराणसी की आमजन से अपील है कि प्रतिबंधित मांझे का प्रयोग, बिक्री अथवा भंडारण न करें । इसकी बिक्री या उपयोग की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें । नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।







