प्रशासन की उपेक्षा से बदहाल साधन सहकारी समिति, खाद-बीज के लिए भटक रहे भतौरा के किसान

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

सेवराई ( गाजीपुर ) तहसील क्षेत्र के बारा न्याय पंचायत अंतर्गत भतौरा गांव स्थित साधन सहकारी समिति का भवन पिछले 15 वर्षों से रखरखाव के अभाव में बदहाली का दंश झेल रहा है। भवन जर्जर होकर पूरी तरह खंडहर में तब्दील हो चुका है, जिसके कारण लंबे समय से यहां खाद एवं बीज का वितरण पूरी तरह ठप है।

समिति भवन के चारों तरफ घनी झाड़ियां उग आई हैं तथा दरवाजे और खिड़कियां तक गायब हो चुकी हैं। देखरेख न होने से पूरा परिसर जंगल जैसा नजर आने लगा है। स्थानीय किसानों को अपनी खाद-बीज की जरूरतों को पूरा करने के लिए दूर-दराज की समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनके समय और आर्थिक स्थिति दोनों पर भारी असर पड़ रहा है।

ग्राम प्रधान अजीत कुमार सिंह ने बताया कि यह समिति पिछले 15 सालों से अधिक समय से निष्क्रिय पड़ी हुई है। नियमित मरम्मत और देखरेख न होने की वजह से सरकारी संपत्ति पूरी तरह बर्बाद हो गई है। गांव के किसान योगेंद्रनाथ राय, रमेश राय और रामप्रताप यादव सहित कई अन्य ग्रामीणों ने इस स्थिति पर गहरा आक्रोश और चिंता व्यक्त की है।

क्षेत्रीय किसानों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि जर्जर हो चुके इस भवन का शीघ्र जीर्णोद्धार कराया जाए ताकि साधन सहकारी समिति का संचालन पुनः शुरू हो सके और किसानों को स्थानीय स्तर पर ही खाद-बीज उपलब्ध हो सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सेवराई, गजराज सिंह यादव ने कहा कि भतौरा स्थित साधन सहकारी समिति की स्थिति की जांच कराई जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

रिपोर्ट विकास सिंह

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई