सम्पूर्ण समाधान दिवस में रामनगर निवासी राजू खान ने एक प्रार्थना-पत्र देकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2011 में गोपालपुर की वर्तमान ग्राम प्रधान फातिमा बेगम को जमीन खरीदने के लिए पूरी धनराशि देने के बावजूद आज तक संबंधित भूमि की रजिस्ट्री नहीं कराई गई।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, 16 अगस्त 2011 को लिखापढ़ी के साथ ₹1.30 लाख का भुगतान किया गया था। इसके बाद अलग-अलग समय पर कुल ₹2.90 लाख नकद दिए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि जमीन मिलने के भरोसे पर उन्होंने संबंधित भूमि पर पक्की बाउंड्रीवाल, हॉल एवं अन्य निर्माण कार्य भी कराया, जिस पर लगभग ₹8 से ₹8.5 लाख का खर्च आया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भूमि की रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया गया तथा केवल नकद राशि वापस करने की बात कही गई, जबकि निर्माण पर हुए खर्च की भरपाई से भी मना कर दिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस विवाद को लेकर कई बार पंचायतें हुईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका, जिससे उन्हें वर्षों से आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजू खान ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि उनके आरोप सही पाए जाएं तो या तो भूमि की विधिवत रजिस्ट्री कराई जाए अथवा निर्माण कार्य पर हुए खर्च सहित उनकी पूरी धनराशि वापस दिलाई जाए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में दिए गए इस प्रार्थना-पत्र के बाद अब लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
Riport Ishan milki







