गुमशुदा बच्चों की बरामदगी में शिथिलता एवं विवेचना में अनावश्यक देरी पर सख्त रुख।
डिजिटल पोर्टल एवं एप के प्रभावी उपयोग से अपराधियों पर निगरानी और जवाबदेही तय करने के निर्देश।
चाइनीज मांझे एवं अवैध पटाखा कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश।
आगामी त्योहारों, एमएलसी चुनाव एवं एयर शो के लिए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी पर जोर।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता, तकनीक आधारित पुलिसिंग, यातायात प्रबंधन एवं आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा पर्यवेक्षण में कमी को गंभीरता से लिया जाएगा। प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही निर्धारित करते हुए दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डिजिटल पुलिसिंग से अपराधियों पर निगरानी, लापरवाही पर जवाबदेही
• भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163, 172 एवं 194 सहित अन्य प्रासंगिक प्रावधानों पर चर्चा कर उनके विधिसम्मत अनुपालन के निर्देश दिए गए।
• गाण्डीव, सहयोग, समन्वय एवं प्रतिबिम्ब पोर्टल तथा यक्ष एप की कार्यप्रणाली और उपयोगिता समझाते हुए सभी अधिकारियों को इनके प्रभावी इस्तेमाल के लिए प्रशिक्षित होने को कहा गया।
• यक्ष एप के माध्यम से अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए। किसी थाना अथवा बीट क्षेत्र का अपराधी दूसरे क्षेत्र में जाकर अपराध करता है, तो संबंधित थाना एवं बीट प्रभारी की भूमिका की समीक्षा कर जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
• वात्सल्य पोर्टल पर सभी संबंधित विवरण अनिवार्य कॉलम सहित सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज किए जाएं।
गुमशुदा बच्चों की बरामदगी में शिथिलता पर सख्त कार्रवाई
• गुमशुदा बच्चों की बरामदगी में अपेक्षित प्रगति न होने पर पुलिस आयुक्त महोदय ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में तत्काल प्रभावी कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों का उपयोग एवं नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विवेचना में देरी बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता और समयसीमा अनिवार्य
• 60 एवं 90 दिवस की निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत आने वाली विवेचनाओं का नियमानुसार समय से निस्तारण किया जाए।
• अभियोग पंजीकृत होने के प्रथम दिन से ही सुपरविजन प्रारंभ हो तथा प्रत्येक स्तर पर नियमित निगरानी की जाए।
• एसीपी स्तर के अधिकारी विवेचनाओं की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्ध निस्तारण का प्रभावी पर्यवेक्षण करें।
• ई-साक्ष्य पोर्टल पर साक्ष्यों का विवरण नियमानुसार दर्ज किया जाए तथा साक्ष्य संकलन में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
• लूट एवं चेन स्नेचिंग के लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
• विवेचना अनावश्यक रूप से लंबित रखने अथवा निर्धारित समयसीमा के पालन में लापरवाही पर निलंबन सहित नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यातायात जाम पर तत्काल कार्रवाई, हर प्रमुख चौराहे पर दिखेगी पुलिस
• RTC योजना के तहत रूट मार्शल एवं चौकी प्रभारी अपने क्षेत्रों में यातायात सुचारु रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतें।
• जाम की स्थिति उत्पन्न होते ही तत्काल कार्रवाई कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए।
• प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील यातायात बिंदुओं पर पुलिस की प्रभावी दृश्यता सुनिश्चित की जाए।
• ZFD व्यवस्था की समीक्षा कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली कमियों को दूर किया जाए।
चाइनीज मांझे और अवैध पटाखा कारोबार पर अभियान
• चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण एवं वितरण करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। बड़े गोदामों, आपूर्तिकर्ताओं एवं निर्माण से जुड़े लोगों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया जाए।
• चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाओं की रोकथाम में संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
• बिना आवश्यक लाइसेंस अथवा वैधानिक अनुमति के पटाखे बनाने, भंडारण करने एवं बेचने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम
• दुर्गा प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन, रावण दहन, रामलीला, भरत मिलाप सहित आगामी त्योहारों एवं प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
• संवेदनशील स्थलों, जुलूस मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का पूर्व निरीक्षण कर पुलिस बल की समुचित तैनाती की जाए।
• भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, पार्किंग एवं आपातकालीन निकासी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।
• सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा योजना तैयार कर समय रहते कमियों को दूर करें।
एमएलसी चुनाव एवं एयर शो की सुरक्षा हेतु व्यापक तैयारी, प्रतिदिन 20 लाख लोगों के आगमन की संभावना के दृष्टिगत विशेष सतर्कता के निर्देश
• नवीन थानों पर तैनात थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम अपने क्षेत्र का भ्रमण कर प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों, भीड़ एकत्र होने वाले स्थानों एवं वैकल्पिक मार्गों की पूरी जानकारी प्राप्त करें।
• एयर शो में प्रतिदिन लगभग 20 लाख लोगों के आने की संभावना के दृष्टिगत व्यापक सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन की योजना तैयार की जाए।
• प्रवेश-निकास मार्गों, प्रमुख चौराहों एवं पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करते हुए बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, साइनेज एवं वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था की जाए।
• गंगा नदी के दोनों तटों एवं संबंधित घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। नावों में सवार व्यक्तियों के लिए लाइफ जैकेट का प्रयोग सुनिश्चित कराने के साथ डीप-वाटर बैरिकेडिंग को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखा जाए।
• जल पुलिस एवं संबंधित इकाइयां सतर्क निगरानी रखें तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें।
• एमएलसी चुनाव एवं एयर शो के दृष्टिगत सभी अधिकारी आपसी समन्वय, सतर्कता एवं प्रभावी योजना के साथ कार्य करें, ताकि सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो।
पुलिस आयुक्त का स्पष्ट संदेश—कर्तव्य में चूक पर तय होगी जिम्मेदारी
• पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण, गुमशुदा बच्चों की बरामदगी, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, यातायात प्रबंधन एवं महत्वपूर्ण आयोजनों की सुरक्षा में सभी अधिकारी परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली अपनाएं। नियमित समीक्षा एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के माध्यम से प्रत्येक कार्य की प्रगति सुनिश्चित की जाए।
• लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा सुरक्षा व्यवस्था में चूक पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जवाबदेही निर्धारित कर नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।







