गाजीपुर: जमानियां के बरूईन सीएचसी को 24 घंटे संचालित करने की तैयारी तेज, एसीएमओ ने किया औचक निरीक्षण

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

गाजीपुर:

जमानियां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरूईन को जल्द ही चौबीसों घंटे (24 घंटे) संचालित किए जाने की योजना पर काम तेजी से शुरू हो गया है। इसी सिलसिले में गुरुवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. मुंशी लाल ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रुद्राकांत सिंह के साथ अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और जरूरी संसाधनों की बारीकी से जांच की।

इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पताल को 24 घंटे सुचारू रूप से चलाने में आ रही व्यावहारिक कमियों और बाधाओं की पहचान करना था। एसीएमओ ने अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद कमियों की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

जांच के बाद यह रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को सौंपी जाएगी। इसके आधार पर सीएमओ के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि अस्पताल के लिए आवश्यक चिकित्सा संसाधन, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जा सकें।

सीएचसी बरूईन के चौबीसों घंटे शुरू होने से जमानियां क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को रात-बेरात आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

रिपोर्ट विकास सिंह

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई