जौनपुर
शिक्षा, भाषा, पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से महावीर कान्वेंट स्कूल, नखास में बैंक ऑफ़ बड़ौदा रीजनल ऑफिस के तत्वावधान में हिन्दी भाषण, पर्यावरण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में राजभाषा अधिकारी अनुराधा रविदास ने विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा के महत्व, मातृभाषा के सम्मान तथा दैनिक जीवन में हिन्दी के व्यापक उपयोग के बारे में प्रेरणादायी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मातृभाषा हमारी पहचान और संस्कृति की सबसे बड़ी धरोहर है। जिसका सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
इसी क्रम में जोखिम अधिकारी एकता लोहिया ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी और डिजिटल ठगी से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है। तो वह बिना विलंब 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना देकर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकता है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिन्दी एवं पर्यावरण विषय पर अपने उत्कृष्ट ज्ञान और रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंश निषाद, द्वितीय स्थान अंशिका प्रजापति तथा तृतीय स्थान मानसी कनौजिया ने प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सम्मान किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक अतुल जायसवाल ने बैंक ऑफ़ बड़ौदा की टीम, विशेष रूप से अनुराधा रविदास एवं एकता लोहिया का विद्यालय में इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
वहीं विद्यालय की डायरेक्टर साधना जायसवाल ने विजेता विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को नई दिशा प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्या रागिनी सिंह ने किया। इस अवसर पर देवेश मिश्रा, सुनीता श्रीवास्तव, सानिया बानो, तरन्नुम बानो, माही सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हिन्दी के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और साइबर सुरक्षा के प्रति सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश बनकर उभरा, जिसकी उपस्थित सभी लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की।










Users Today : 10
Users This Year : 24689
Total Users : 37282
Views Today : 18
Total views : 73326