वाराणसी
सावन माह और कांवड़ यात्रा की पवित्रता बनाए रखने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को कांवड़ मार्गों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले मीट, मछली और मुर्गा विक्रेताओं के खिलाफ अभियान चलाया। प्रतिबंध के बावजूद खुली मिली तीन दुकानों को तत्काल बंद करा दिया गया, जबकि विभिन्न उल्लंघनों पर कुल 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज के नेतृत्व में निगम की टीम ने शहर के कई इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान भोजूबीर क्षेत्र में अवैध रूप से मीट बेच रहे एक दुकानदार पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, शिवपुर क्षेत्र में प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर एक अन्य विक्रेता से 4,500 रुपये वसूले गए।
सबसे बड़ी कार्रवाई अंधरापुल क्षेत्र में हुई, जहां सावन के दौरान मीट बिक्री, प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल और आसपास गंदगी फैलाने के आरोप में एक दुकानदार पर 10,000 रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वाले एक अन्य विक्रेता पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा और पूरे सावन माह के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा। धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











Users Today : 15
Users This Year : 24704
Total Users : 37297
Views Today : 77
Total views : 73408