चन्दौली/कंदवा
ग्राम करौती-ककरैत घाट स्थित श्री श्री 1108 अखंड विद्यानंद जी महाराज (मौनी बाबा) बाल ब्रह्मचारी अवधूत शिरोमणि योगीराज ब्रह्मलीन सिद्धपीठ, मौनी बाबा आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में समापन हुआ। 27 से 29 जुलाई तक चले महोत्सव में चन्दौली सहित बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। तीन दिनों तक आश्रम परिसर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय बना रहा।
महोत्सव के प्रथम दिन हरि कीर्तन, दूसरे दिन संगीतमय मानस पाठ तथा अंतिम दिन गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विधि-विधान से गुरु पूजा संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की।

भजन एवं लोकगायक प्रवीन सिंह ने ‘गुरुवर तुम्हीं बता दो किसकी शरण में जाएं’, ‘गुरु जी फिर से आएंगे’ तथा ‘रउवे में देखनी गुरु जी, लउकेले घनश्याम जी’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं लोकगायक गोल्डी राज ने ‘मेरे गुरुदेव आए हैं’, ‘नीमिया के डाढ़ मइया’ और ‘बनल रहे ससुरवा ए मइया’ सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति से देर रात तक श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में करीब एक हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महोत्सव में गढ़वां, बड़हरा, ककरैत, ओयरचक सहित चन्दौली जनपद के विभिन्न गांवों तथा बिहार के कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
महोत्सव को सफल बनाने में हरिहर पाण्डेय,अरुण पाण्डेय जी महाराज, बनमाली पाण्डेय, रामजी पाण्डेय, चंदन पाण्डेय, अभिषेक पाण्डेय, राहुल पाण्डेय, अजय पाण्डेय, शांतनु पाण्डेय, हृदय नारायण पाण्डेय, हेमंत पाण्डेय,सहित समस्त ग्रामवासियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत, भंडारा, पूजा-अर्चना एवं व्यवस्थाओं में ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा। तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर कर दिया।







