(नई कार्यकारिणी का गठन व्यापारियों के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प)
रसड़ा /बलिया। नगर के व्यापारियों के हितों की रक्षा तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापार कल्याण समिति रसड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार की शाम स्टेशन रोड स्थित समिति कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए संगठन का पुनर्गठन किया गया।
समिति के अध्यक्ष मोहम्मद युनूस की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व कार्यकारिणी के स्थान पर नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके उपरांत सर्वसम्मति से सुरेश चन्द को संरक्षक,गोपाल जी को कार्यवाहक अध्यक्ष,जहीर अहमद को उपाध्यक्ष,आशुतोष सोनी को महामंत्री,दीनदयाल शर्मा को मंत्री तथा कृष्ण कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा प्रद्युम्न जी, मुख्तार अहमद, मुमताज अहमद, दुर्गेश कुमार गुप्ता, शौकत अली, अनिल कुमार, नूर अली, जमशेद आलम एवं रिजवान अली को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मोहम्मद युनूस ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान तथा संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से गत 5 जून को पूर्व कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवगठित टीम व्यापारियों के हितों की रक्षा और संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति शीघ्र ही व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ेगी।
साथ ही आगामी जुलाई माह में व्यापार कर विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण व्यापारिक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी जिसमें नगर के व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की जाएगी।
अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाने तथा उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।









Users Today : 41
Users This Year : 24769
Total Users : 37362
Views Today : 64
Total views : 73523