गोण्डा
जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के दौरान अवैध असलहा लहराने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 मई को थाना क्षेत्र के कोरीन पुरवा गांव में एक जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में रंगारंग आयोजन के साथ डीजे पर भोजपुरी गानों पर नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान आरोपी युवक उमेश तिवारी पुत्र सुशील तिवारी निवासी ग्राम पिपरी मांझा, हाथ में अवैध पिस्टल लेकर लहराते हुए डांस करता नजर आया।
उसके साथ मौजूद अन्य युवक भी मस्ती करते हुए दिखाई दिए। इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। मंगलवार को पुलिस टीम ने राजगढ़ स्थित ब्रह्मचारी बाबा स्थान के पास छोटी पुलिया के नजदीक से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक मनोज पाठक ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध असलहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











Users Today : 64
Users This Year : 24838
Total Users : 37431
Views Today : 102
Total views : 73631