चन्दौली डीडीयू नगर
क्षेत्र के सरेसर गांव में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में एक परिवार पर हमला किया गया। कचरा डालने को लेकर शुरू हुए इस झगड़े में पति-पत्नी और उनकी दो बेटियों को चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता अंजू देवी पत्नी विशाल गोंड ने आरोप लगाया है कि घटना उनके पति की अनुपस्थिति में हुई। पड़ोस में रहने वाली गुड़िया देवी ने अपने दरवाजे का कचरा उनके घर के सामने डाल दिया था। जब अंजू देवी ने इसका विरोध किया, तो गुड़िया देवी, उनके बेटे अजय और बेटी अंजली कुमारी ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया।
अंजू देवी के मुताबिक, इस दौरान उनकी 9 वर्षीय बेटी शिवानी और 7 वर्षीय संजना को भी पीटा गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
कुछ देर बाद जब अंजू देवी के पति विशाल गोंड घर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें भी पकड़कर घर से बाहर खींच लिया और सड़क पर मारपीट की। आरोप है कि इस हमले में मनोज गोंड भी शामिल था। विशाल गोंड को ईंट से भी मारा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना में सभी सदस्यों को अंदरूनी और बाहरी चोटें आई हैं। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई और स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत भी सौंपी गई है।
पीड़ित पक्ष के एक अन्य सदस्य बिशलाल ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने बिना किसी ठोस कारण के उनके पूरे परिवार पर हमला किया और बाद में जान से मारने की धमकियां भी दीं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 5
Users This Year : 24723
Total Users : 37316
Views Today : 5
Total views : 73443