चन्दौली ताराजीवनपुर
क्षेत्र के सरेसर गांव में जमीन विवाद गहरा गया है। किसानों ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) पर बिना सूचना और नोटिस के जबरन जमीन अधिग्रहण करने का आरोप लगाया है। रविवार को उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम को किसानों के भारी विरोध के कारण वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार, कंपनी ने वर्ष 2006 में किसानों की जमीन का अधिग्रहण कर बाउंड्रीवाल बनाई थी। अब किसान आरोप लगा रहे हैं कि कंपनी बाउंड्रीवाल के बाहर की लगभग 6 फीट अतिरिक्त जमीन पर भी कब्जा करने का प्रयास कर रही है, जिसे वे अपनी बताते हैं।
रविवार को एसडीएम अनुपम मिश्रा प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन को कंपनी की बताते हुए अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू करने का प्रयास किया। इस दौरान किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके कारण प्रशासनिक टीम को बिना कार्रवाई किए लौटना पड़ा।
ग्राम प्रधान पति भानु प्रकाश यादव, अशोक शर्मा, बहादुर यादव, प्यारे यादव, चंद्रावती सहित कई किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा जबरन उनकी जमीन पर कब्जा किया गया तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसान अपनी जमीन को लेकर चिंतित हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है। प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।











Users Today : 5
Users This Year : 24723
Total Users : 37316
Views Today : 5
Total views : 73443