वाराणसी चौबेपुर थाना क्षेत्र एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। रविवार देर रात चौबेपुर पुलिस और कुख्यात अपराधी अंकित सिंह के बीच बभनपुरा अंडरपास के पास मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश अंकित के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
पुलिस के अनुसार घायल अंकित सिंह वही शातिर अपराधी है, जो हाल ही में बभनपुरा गोलीकांड मामले में वांछित चल रहा था। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया है और उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है। चौबेपुर क्षेत्र में इस मुठभेड़ की खबर फैलते ही लोगों में चर्चा का माहौल बन गया है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अभियान जारी रहेगा और अपराध की जड़ें काटने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।







