वाराणसी सोमवार को बेंगलुरु से वाराणसी आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1086 में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक यात्री ने हवा में उड़ान के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी यात्री ने दरवाजा खोलने के लिए सही पासकोड तक पंच किया था, लेकिन कैप्टन ने अपहरण की आशंका को देखते हुए दरवाजा नहीं खोला।
इस दुस्साहसिक हरकत ने विमान में बैठे सभी यात्रियों को दहशत में डाल दिया। फ्लाइट में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच डर का माहौल पैदा हो गया। हालांकि, पायलट की सतर्कता और सुरक्षा प्रोटोकॉल की वजह से विमान को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया।
आरोपी समेत 8 लोग पूछताछ में
विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में शामिल यात्री और उसके साथ यात्रा कर रहे आठ अन्य लोगों को सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया। सभी से बंद कमरे में गहन पूछताछ की गई। दोपहर तक जांच जारी रही और यह खंगाला जा रहा है कि आखिर उस यात्री को कॉकपिट का पासकोड कैसे मिला।
सोशल मीडिया पर फैली खबर
घटना के बाद विमान के एक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूरी जानकारी साझा की। उसके अनुसार, उड़ान के दौरान स्थिति तनावपूर्ण रही और यात्रियों में भय का माहौल बना रहा।
अधिकारियों की सख्त चेतावनी
सीआईएसएफ अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं विमानन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे जिम्मेदारी का परिचय दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
एयर इंडिया एक्सप्रेस का बयान
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस घटना पर गंभीरता जताते हुए कहा कि दोषी यात्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय और मजबूत किए जाएंगे।
यह घटना न केवल यात्रियों की सुरक्षा को चुनौती देती है, बल्कि यह भी उजागर करती है कि विमानन सुरक्षा को और अधिक कड़े नियमों की जरूरत है।
रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी







