नगर पंचायत घोसिया के वार्ड नंबर एक स्थित प्रसिद्ध बाबा अब्दुल लतीफ शाह का दो दिवसीय सालाना उर्स आज से शुरू होगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और दरगाह परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है
उर्स कमेटी के सदस्यों ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी यह आयोजन पूरे धार्मिक श्रद्धा भाव के साथ मनाया जाएगा। उर्स के पहले दिन रात में एक भव्य जलसे का आयोजन होगा। इसमें दूर-दराज से आए उलेमा, मौलाना और अकीदतमंद शिरकत करेंगे। जलसे में दीन-ए-इस्लाम की तालीम, सूफी परंपरा और भाईचारे का पैगाम दिया जाएगा।
दूसरे दिन सुबह कुरान खानी, ग़ुस्ल और चादरपोशी की रस्में अदा की जाएंगी। इस अवसर पर बाबा के चाहने वाले और जायरीन बड़ी संख्या में दरगाह पर हाजिरी लगाकर दुआएं मांगेंगे। कमेटी के अनुसार, उर्स के दौरान अमन, चैन और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की जाएगी।
उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर के पास एक मेले का भी आयोजन किया गया है। इससे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। मेले में बच्चों के लिए खिलौनों की दुकानें, बिस्किट व नमकीन की दुकानें और झूले लगाए गए हैं, जिससे बच्चों और परिवारों में खासा उत्साह है।
उर्स कमेटी ने सभी जायरीन और क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में शामिल होकर बाबा की बारगाह में हाजिरी लगाएं। साथ ही, कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
रिपोर्ट रोशनी







