मीरजापुर | रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण व अवैध शराब तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जीआरपी मीरजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक शराब तस्कर को 15 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष जीआरपी मीरजापुर राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी जीआरपी विन्ध्याचल धीरेन्द्र कुमार वर्मा मय टीम ने दिनांक 01.11.2026 को समय करीब 10:45 बजे ट्रेन संख्या 15657 के जनरल कोच से एक व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 20 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद माल में 10 बोतल रॉयल स्टेज व्हिस्की 750 ML और 10 बोतल रॉयल स्टेज बैरल सेलेक्ट व्हिस्की 750 ML शामिल है, जिसकी कुल मात्रा लगभग 15 लीटर और अनुमानित कीमत 22 हजार रुपये है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनीष कुमार पुत्र लाल बाबू राय, निवासी गढ़ोचक कृपाल टोला फतुहा, थाना फतुहा, जनपद पटना, बिहार उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वह उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचता है।इस संबंध में थाना जीआरपी मीरजापुर पर मु0अ0सं0 198/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।







