संयुक्त विकास आयुक्त ने किया पहाड़ी ब्लॉक का निरीक्षण।

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

जनपद मिर्ज़ापुर।
मीरजापुर में आकांक्षात्मक विकासखंड कार्यक्रम के तहत शनिवार को संयुक्त विकास आयुक्त, विंध्याचल मंडल ने विकासखंड पहाड़ी का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए 49 बिंदुओं पर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत ब्लॉक कार्यालय पहाड़ी से हुई। यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), पंचायती राज, जल निगम और कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। इसमें विभागीय योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया गया।

इसके बाद संयुक्त विकास आयुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री का निरीक्षण किया। यहां ओपीडी, दवा वितरण कक्ष और प्रयोगशाला की व्यवस्थाओं को देखा तथा स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष जताया। इसके बाद हिनौती ग्राम पंचायत में पुरस्कार राशि से निर्मित भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) की ओर से 50 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन भवन को जल्द पूरा कर संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।

भरपुरा ग्राम पंचायत में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए निर्मित आरआरसी सेंटर और पीडब्ल्यूएमयू प्लांट का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को जनरेटर की व्यवस्था कराकर ओएसआर शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अटल पार्क का जायजा लेकर युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के अंतिम चरण में संयुक्त विकास आयुक्त लोकापुर स्थित कंपोजिट विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां आयोजित अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों से बातचीत की। उन्होंने विद्यालय में इको क्लब, साइंस लैब और खेल मैदान की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।इस दौरान खंड विकास अधिकारी मुनीश कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी फराह रईस, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवमणि दुबे, मंटू चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट भोलानाथ यादव

Leave a Comment