चंदौली
धानापुर क्षेत्र के वर्दीसाड़ा गांव में सड़क, खड़ंजा और नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। दिवाकर रावण के नेतृत्व में शुरू हुए आंदोलन को पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने समर्थन दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एसडीएम और जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक मतदान का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीण महिलाओं ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उनकी शादी को 45 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन उन्होंने आज तक गांव में पक्की सड़क नहीं देखी। स्कूल की ओर जाने वाला रास्ता और गांव से पश्चिम दिशा में बाहर निकलने वाला मार्ग अब भी कच्चा और क्षतिग्रस्त है। किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस करीब 800 मीटर दूर ही रुक जाती है। ऐसे में मरीज को चारपाई पर लादकर वाहन तक पहुंचाना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार भूख हड़ताल सुबह नौ बजे शुरू हुई। इसी दौरान धरने पर बैठी 16 वर्षीय सोनी कुमारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ग्रामीण उसे चारपाई पर लेकर गांव से बाहर निकले। इसके बाद पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने अपनी गाड़ी से उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों को सड़क तथा नाली जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए भूख हड़ताल करनी पड़ रही है,पूर्व विधायक ने मौजूदा विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कम से कम इस गांव में विकास कार्यों की पहल करते हुए एक बोर्ड ही लगवा दें, ताकि ग्रामीणों को विकास की उम्मीद दिखाई दे।
ग्रामीणों का कहना है कि वे सड़क, खड़ंजा और नाली की समस्या से एसडीएम, जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत करा चुके हैं। उन्हें आश्वासन तो मिला, लेकिन कोई सक्षम अधिकारी गांव में पहुंचकर समस्याओं का जायजा लेने तक नहीं आया। इससे नाराज ग्रामीणों ने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि मौके पर पहुंचकर समस्या का ठोस समाधान करना होगा।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक गांव की समस्याओं का निस्तारण नहीं होता, तब तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी,मांगें पूरी नहीं होने पर वे आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के साथ विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी मतदान नहीं करेंगे।
इस दौरान उमेश भारती, प्रभाकर,राजेश,श्यामबिहारी, धारी राम,सौरभ सिंह,गोविन्द उजागीर,हीरावती,सुनीता, कलावती,हीरामनी,राधिका, मुनिया,बीरेंद्र एवं महेन्द्र सहित सैंकड़ो की संख्या मे ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







