चन्दौली
अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना के समीप रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मेटिस अस्पताल के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। अपहृता को बरामद कर बिहार से लौट रही कानपुर पुलिस टीम की कार का अचानक टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर एक कंटेनर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में पुलिसकर्मियों समेत कार सवार पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कानपुर के गुजैनी थाने में दर्ज अपहरण के एक मामले में पुलिस टीम बरामदगी के लिए बिहार गई थी। कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम वापस लौट रही थी। कार में उपनिरीक्षक समर सिंह समेत पुलिसकर्मी, मुकदमे के वादी और अन्य लोग सवार थे। इसी दौरान गोधना के समीप मेटिस अस्पताल के सामने अचानक कार का टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सामने चल रहे कंटेनर से टकराकर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल मुगलसराय स्थित पीपी सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। दुर्घटनाग्रस्त वाहन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







