एयर शो को लेकर बहादुरपुर घाट पर सुरक्षा सख्त, घोड़े पर सवार होकर पहुंचे एसपी आकाश पटेल

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित एयर शो को लेकर चंदौली पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बहादुरपुर घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वह घोड़े पर सवार होकर घाट क्षेत्र का निरीक्षण करते नजर आए। पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया और जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

एसपी ने करीब 400 मीटर क्षेत्र में फैले घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, साफ-सफाई और आम लोगों की सुविधाओं की जानकारी ली। एयर शो देखने पहुंचने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट पर स्वास्थ्य शिविर सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वास्थ्य शिविर में लोगों के ब्लड प्रेशर (बीपी) की जांच की गई, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें समय से चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

*स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर*

स्वास्थ्य व्यवस्था के संबंध में डॉ. रविकांत ने बताया कि एयर शो को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष रूप से व्यवस्थित किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य शिविर में लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। स्वास्थ्य कर्मियों को लोगों की जरूरत के अनुसार सेवाएं देने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

इसके अलावा घाट पर पेयजल, महिलाओं के लिए शौचालय और लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। घाटों तथा आसपास के रास्तों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

*पक्षियों को भगाने के लिए जवानों ने किया रिहर्सल*

एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संभावित खतरा पैदा करने वाले पक्षियों को भगाने के लिए जवानों ने रिहर्सल किया। सुरक्षा बलों को भीड़ पर लगातार नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। भारतीय वायुसेना के विमानों का प्रदर्शन देखने के लिए लोग उत्साहित नजर आ रहे हैं। कई लोग एयर शो के प्रतीक चिह्न वाले टी-शर्ट पहनकर कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ स्वास्थ्य, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि एयर शो के दौरान लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके।

 

रिपोर्ट – अलीम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई