चन्दौली
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), शनिवार।** नगर के रविनगर स्थित डॉ. सुरेश गर्ग मार्ग पर शनिवार की रात नौ बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक एलर्जी, दमा और श्वास रोग से पीड़ित मरीजों के लिए निःशुल्क आयुर्वेदिक दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे मरीजों ने पंजीयन कराकर दवा प्राप्त की। आयोजकों के अनुसार, इस बार करीब 5,500 मरीजों के पंजीयन हुए हैं। इसके अलावा बिना पंजीयन पहुंचे जरूरतमंदों को भी दवा वितरित की गई।
शिविर के आयोजक डॉ. विकास गर्ग ने बताया कि यह शिविर वर्ष 1991 से आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि शिविर की प्रेरणा ‘जियो मगर दूसरों के लिए’ के विचार से मिली है। उनका कहना है कि मानव जीवन की सार्थकता दूसरों की मदद और पीड़ित मानवता की सेवा में है। इसी भावना के साथ प्रत्येक वर्ष दो बार निःशुल्क दवा वितरण किया जाता है।
डॉ. विकास गर्ग के मुताबिक, इस दवा की शुरुआत हैदराबाद से हुई थी। वहां के चिकित्सक डॉ. रामनिवास शर्मा द्वारा तैयार की गई दवा को पूर्वांचल में वर्ष 1991 में लाया गया था। वर्तमान में उनके पुत्र डॉ. सुरेंद्र कुमार शर्मा के माध्यम से दवा उपलब्ध कराई जाती है।
शिविर में पहुंचे गाजीपुर जिले के जमानिया क्षेत्र के धनौचा निवासी नारद सिंह कुशवाहा ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से दवा ले रहे हैं। उनके अनुसार, उन्हें लगभग 80 प्रतिशत आराम मिला है और दवा के लिए कोई शुल्क नहीं देना पड़ता है।
आयोजकों ने बताया कि रविनगर स्थित आवास पर प्रतिदिन सुबह छह से आठ बजे तक पथरी, गठिया, साइटिका, बवासीर और शुगर सहित अन्य समस्याओं के लिए भी मरीज संपर्क कर सकते हैं। शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों तक निःशुल्क दवा पहुंचाने का प्रयास किया गया।







