सासाराम (रोहतास):
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम का असर बिहार पर दिखेगा। इसके प्रभाव से 27 और 28 अक्टूबर 2026 को रोहतास जिले सहित दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और आंधी-पानी की संभावना है।
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी, रोहतास ने जिले के तीनों अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारियों और सभी अंचल अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने, क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
वहीं मौसम विभाग, भोपाल द्वारा मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश की चेतावनी के बाद रोहतास और आसपास सोन नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव की आशंका जताई गई है। इसे लेकर प्रशासन ने सोन नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें और सोन टीला पर न ले जाएं। नदी किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचें और जलस्तर में बदलाव को लेकर सतर्क रहें।
जिला पदाधिकारी ने किसान भाइयों से भी अपील की है कि जिन फसलों की कटाई हो चुकी है या जो फसलें पककर तैयार हैं, उन्हें काटकर सुरक्षित और सूखे स्थान पर रख लें, ताकि बारिश से फसल को नुकसान न हो।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि आंधी-पानी और मेघ गर्जन के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें।







