नमो घाट पर गरजा भारतीय वायुसेना का पराक्रम: ‘Wings Over Ganges’ एयर शो में गरजते लड़ाकू विमानों ने काशी में रचा इतिहास

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

​चंदौली/दिनांक 25 अक्टूबर, 2026

अविनाशी काशी की पावन धरा और माँ गंगा के सुरम्य तट (नमो घाट) पर रविवार को भारतीय वायुसेना के शौर्य, अदम्य साहस और पेशेवर दक्षता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के सुअवसर पर आयोजित भव्य लड़ाकू विमान एयर शो “Wings Over Ganges” का शानदार और सफल आयोजन संपन्न हुआ।

​अपराह्न 12:30 बजे शुरू हुए इस भव्य एयर शो में वायुसेना के जाबांज पायलटों ने आसमान में एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और वायुसेना के जांबाजों का उत्साहवर्धन किया।

​गंगा की कलकल बहती धार के ऊपर जब वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने गगनभेदी गर्जना के साथ उड़ान भरी, तो पूरा नमो घाट तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वायुसेना ने अपनी तकनीकी क्षमता और अचूकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए काशीवासियों और देश को अपनी रक्षा शक्ति पर गर्व करने का एक और ऐतिहासिक पल दिया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राजयपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह, वाइस चीफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल तरुण चौधरी सहित सैन्य एवं नागरिक प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आयोजित भव्य एयर शो के दौरान आमजन एवं दर्शकों की सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहे। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनपद चंदौली क्षेत्र में स्वयं भ्रमणशील रहकर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
​
निरीक्षण के दौरान डुमरी, सुजाबाद और कटेसर, बहादुरपुर एवं आस-पास तक सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शकों की सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किया गया था। अधिकारियों ने दर्शकों के लिए की गई पेयजल, बैठने की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुरक्षा के व्यापक इंतज़ामों का बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि दूर-दराज से आने वाले आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

रिपोर्ट राकेश तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई