जमानिया (गाजीपुर) में सोमवार को हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। स्टेशन बाजार के बरूईन मोड़ स्थित मां दुर्गा पूजा पंडाल में स्थानीय निवासी परवेज खान ने पहुंचकर मां के धूप अगरबत्ती दिखा कर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूजा कमेटी की ओर से आपसी सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश करते हुए उन्हें ‘कलमा’ लिखा हुआ स्मृति-चिह्न भेंट किया गया।
मां दुर्गा के पंडाल में कलमा लिखा स्मृति-चिह्न मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए परवेज खान ने इसे भारत की ‘सांझी संस्कृति’ और ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ का एक बेहतरीन उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि नवरात्र का यह पवित्र पर्व अहंकार के अंत और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। इस तरह के आयोजन देश की ‘विवेक में एकता’ की पहचान को और अधिक मजबूत करते हैं।
परवेज खान ने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को नवरात्र और आगामी त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहार हमेशा से लोगों को आपस में जोड़ने का अवसर होते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि समाज के हर पर्व को मिल-जुलकर, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने जमानिया विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट होने पर भी जोर दिया।







