महोबा में एसबीआई कुलपहाड़ शाखा के अधिकारियों पर बुजुर्ग किसान के 1 लाख 80 हजार रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित किसान मातादीन का आरोप है कि बैंक में जमा की गई रकम उसके खाते में दर्ज ही नहीं की गई। थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बावजूद जब सुनवाई नहीं हुई,
तो पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस ने शाखा प्रबंधक नीरज सिंह और पूर्व फील्ड ऑफिसर यतेंद्र सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महोबा जनपद के थाना कुलपहाड़ अंतर्गत मोहारी लाडपुर गांव के रहने वाले 73 वर्षीय बुजुर्ग किसान मातादीन अपनी जमा पूंजी पाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। मातादीन का एसबीआई शाखा कुलपहाड़ में ग्रीन कार्ड का खाता है। पीड़ित किसान के अनुसार, उसने बैंक में 35 हजार और 1 लाख 45 हजार रुपये जमा किए थे, जिनकी जमा पर्ची भी उसके पास सुरक्षित मौजूद है।
लेकिन जब किसान ने बैंक जाकर अपना खाता स्टेटमेंट निकलवाया, तो उसके होश उड़ गए। खाते में 1 लाख 80 हजार रुपये की रकम में से केवल 10 हजार रुपये ही दर्ज मिले, जबकि बाकी पूरी राशि गायब थी। आरोप है कि पीड़ित जब भी बैंक अधिकारियों के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंचा, तो उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और उल्टे डांट-फटकार कर भगा दिया गया। थक-हारकर पीड़ित किसान ने थाने और पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई,
लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो उसने CJM कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के सख्त रुख के बाद कुलपहाड़ पुलिस हरकत में आई। न्यायालय के आदेश पर कुलपहाड़ कोतवाली में बैंक के शाखा प्रबंधक नीरज सिंह और पूर्व फील्ड ऑफिसर यतेंद्र सिंह के खिलाफ BNS की धारा 316(4) और 3(5) के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी








