बाबतपुर –लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बाबतपुर के आसपास उड़ान सुरक्षा को लेकर प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेक-ऑफ को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के 10 किलोमीटर के दायरे में लेजर लाइट के प्रयोग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
शादी-विवाह और विभिन्न आयोजनों में इस्तेमाल होने वाली तेज लेजर लाइट सीधे विमानों के कॉकपिट में पायलटों की आंखों पर पड़ती है, जिससे उनकी दृष्टि बाधित होने का गंभीर खतरा पैदा हो जाता है। इस प्रकार की लापरवाही से किसी भी बड़ा विमान हादसा हो सकता है, जिसे लेकर नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो और स्थानीय प्रशासन बेहद सख्त हैं।
प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन की अपील:
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने सभी मैरिज लॉन संचालकों, इवेंट ऑर्गेनाइजर्स और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रमों के दौरान लेजर लाइट का बिल्कुल भी इस्तेमाल न करें। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विमान सुरक्षा और कानून के प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







