चंदौली सकलडीहा
उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुसार और चंदौली पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर थाना सकलडीहा पुलिस द्वारा क्षेत्र में नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस टीम ने सामूहिक रूप से बैनर और पोस्टर हाथों में लेकर आम जनमानस को जागरूक किया।
सकलडीहा कोतवाली पुलिस बल द्वारा यह भ्रमण सकलडीहा कोतवाली से शुरू होकर सगन तिराहा तक निकाला गया। इस पैदल मार्च के दौरान मुख्य बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से सीधा संवाद किया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा जारी विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे— 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी विषम परिस्थिति या छेड़खानी की घटना होने पर वे बिना किसी संकोच के इन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं, उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
इसके साथ ही, सड़क सुरक्षा अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा यातायात के नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इस जागरूकता अभियान में सकलडीहा कोतवाली के पुलिस अधिकारी, एंटी रोमियो स्क्वॉड की महिला आरक्षी और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।







