जौनपुर
अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर कथित रूप से धोखाधड़ी करने के मामले में हरियाणा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से एटीएम कार्ड के जरिए ठगी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध सख्त संदेश गया है।
पुलिस के अनुसार 10 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ मुंगराबादशाहपुर से संजय कुमार (40 वर्ष) निवासी हांसी जनपद हिसार हरियाणा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 41 एटीएम कार्ड ₹1,870 नकद और एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
41 ATM कार्ड बरामद जांच के दायरे में ठगी का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने की धोखाधड़ी में शामिल होने का आरोप है। इस मामले में मुंगराबादशाहपुर थाने में मुकदमा संख्या 336/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ मेरठ जनपद के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी और चोरी से संबंधित चार अन्य मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस की सक्रियता से अपराधियों को कड़ा संदेश
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
ATM इस्तेमाल करने वालों के लिए जरूरी संदेश
एटीएम बूथ पर किसी अनजान व्यक्ति को अपना कार्ड न दें और न ही अपना पिन साझा करें। यदि कोई व्यक्ति मदद के बहाने आपका कार्ड बदलने का प्रयास करे। तो सतर्क रहें। और तत्काल बैंक या पुलिस को सूचना दें।
जौनपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है। कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। हालांकि मामले में आरोपी के दोष का अंतिम निर्धारण न्यायालय द्वारा किया जाएगा।







