लखनऊ
गोमतीनगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास बुधवार सुबह प्रेम संबंधों के विवाद में युवती को कार से टक्कर मारकर घसीटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह शहनवाज अली के साथ रिलेशनशिप में थी। बुधवार सुबह वह जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर चार के पास चाय पीने गई थी। इसी दौरान शहनवाज अपने दोस्त दानिश और दो अन्य युवतियों के साथ कार से वहां पहुंचा।
आरोप है कि अन्य युवतियों के साथ संबंध को लेकर विरोध करने पर शहनवाज और दानिश ने युवती से विवाद और गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों कार लेकर जाने लगे। युवती ने कार रोकने का प्रयास किया तो शहनवाज ने उसे टक्कर मार दी और वह बोनट पर घिसटती चली गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने शहनवाज अली को पकड़ लिया है। दानिश की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।







