लालगंज, मीरजापुर
उत्तर प्रदेश किसान सभा के नेतृत्व में चल रही किसान यात्रा के चौथे दिन जनपद मीरजापुर के लालगंज क्षेत्र स्थित जनशक्ति महाविद्यालय, जगदीशपुर में किसानों से संवाद कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामआश्रय कुशवाहा ने की तथा संचालन लालता प्रसाद ने किया।
किसान यात्रा का नेतृत्व कर रहे अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सात अक्टूबर को लखनऊ में होने वाला विधानसभा कूच किसानों, मजदूरों, आदिवासियों और गरीबों की आवाज को बुलंद करने वाला बड़ा संघर्ष होगा। मीरजापुर से बड़ी संख्या में किसान-मजदूर इस कूच में पहुंचकर सरकार को अपनी ताकत का एहसास कराएंगे।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल मीरजापुर की नहीं है, बल्कि पूरे देश के मेहनतकशों की साझा लड़ाई है। देशभर में किसान फसल के सही दाम, कर्ज से मुक्ति और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उसी कड़ी में मीरजापुर की यह किसान यात्रा राष्ट्रीय संघर्ष को मजबूती देगी।
राजेन्द्र यादव ने कहा कि मीरजापुर के किसान कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में कड़ी मेहनत कर खेती करते हैं, लेकिन उन्हें उनकी उपज का उचित और लाभकारी दाम नहीं मिलता। कभी सूखा तो कभी बाढ़ किसानों की कमर तोड़ देती है। इसके बावजूद सरकार किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी, वनवासी और गरीबों की जमीन तथा जंगल पर बड़े पूंजी घरानों की नजर है। जंगल और जमीन की रक्षा करने वाले आदिवासियों को ही वन विभाग, जमीन दलालों और प्रशासनिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। घरों को ढहाने, झूठे मुकदमे लगाने और जेल भेजने की कार्रवाई तत्काल बंद होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मीरजापुर के जंगल, पहाड़, जमीन और प्राकृतिक संसाधन यहां के किसानों, आदिवासियों और आम जनता की जीवनरेखा हैं। बड़े पूंजीपतियों के हित में प्राकृतिक संसाधनों की लूट किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जल-जंगल-जमीन पर पहला अधिकार यहां के मूल निवासियों का है।
उन्होंने सरकार से किसानों को लाभकारी फसल दाम, सिंचाई की बेहतर व्यवस्था, सूखा-बाढ़ से राहत, आदिवासियों को वनाधिकार, गरीबों को आवास एवं जमीन का अधिकार, युवाओं को रोजगार तथा मजदूरों को सम्मानजनक मजदूरी देने की मांग की। उन्होंने आह्वान किया कि गांव-गांव से किसान-मजदूर संगठित होकर सात अक्टूबर के कूच को सफल बनाएं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश किसान सभा के सामाजिक प्रचार प्रदेश संयोजक शशिकांत कुशवाहा, किसान नेता अजय मिश्रा, मुलायम यादव, विकास यादव, अधिवक्ता धर्मराज कोल, अधिवक्ता रामू कोल, गौरी शंकर सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, आदिवासी और ग्रामीण उपस्थित रहे।







