बांग्ला मिल्की भारतीय किसान यूनियन की जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक रविवार को ग्राम सभा बांग्ला मिल्की में डॉक्टर वीके सिंह के आवास पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कंचन सिंह फौजी ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह ने किया।
बैठक में संगठन के मुद्दों, किसानों की विभिन्न समस्याओं तथा मथुरा में प्रस्तावित राष्ट्रीय किसान पंचायत में भागीदारी को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
किसान यूनियन ने बेलवारी माइनर के टूटे तटबंध को तत्काल बंधवाने की मांग की। देवरिया (बंगला) ग्राम सभा में नाबदान का पानी खड़ंजा पर जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसकी तत्काल निकासी की व्यवस्था कराने की अपील की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत इमलियाचट्टी वाया नारायणपुर से बांग्ला चट्टी में सड़क के किनारे नाली निर्माण कराने की मांग भी की गई।
कुदारन से घाटमपुर तक भागवत राजबाहा में आने वाले कुलावा नंबर चार की सफाई कराने तथा इमलियाचट्टी वाया नारायणपुर सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और अवरुद्ध पुलियों की सफाई कराने की बात कही गई। पुलियों के अवरुद्ध होने से सड़क पर पानी बह रहा है।
शेरवा माइनर के दोनों तरफ लगभग 200 बीघा धान की फसल डूब गई है। जल निकासी न होने तथा नऊवा नाले पर अतिक्रमण कर पाट दिए जाने से समस्या उत्पन्न हुई है। इसकी तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की गई। भागवत राजवाहा में देवरिया से बेलवारी तक माइनर का पक्का तटबंध बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
विनाशकारी विंध्य एक्सप्रेसवे को जनहित में न होने के कारण समाप्त करने की मांग की गई। गंगा में बाढ़ से प्रभावित गांवों में जिला प्रशासन निगरानी करके फसल नुकसान का आकलन करे तथा मुआवजा दे, यह भी मांग की गई। अहरौरा बांध के मेन गेट खराब होने से पानी रिस रहा है। गेट लगा दिया गया है, लेकिन रबर सील न होने से पानी निकल रहा है। रबर सील लगाने की मांग की गई।
नेपाल में आई बाढ़ से जन-धन की हानि पर भारतीय किसान यूनियन ने शोक संवेदना व्यक्त की।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह, प्रदेश महासचिव प्रहलाद सिंह किसान, मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष स्वामी दयाल सिंह, जिला सचिव पंचम सिंह, मंडल उपाध्यक्ष परशुराम मौर्य, जिला संगठन मंत्री घूरे प्रसाद बिंद,
लालजी सिंह, भोलानाथ गिरी, जमुना प्रसाद, लक्ष्मण सिंह, राजेंद्र प्रसाद, राजकुमार सिंह, ओम प्रकाश सिंह, सुनील पटेल, रामसूरत, गंगाराम, रामजतन, गिरधारी सिंह, रामचंद्र सिंह, रामबृक्ष सिंह, जगदीश सिंह, डॉ. बीके सिंह, श्यामधर यादव, रामवृक्ष तथा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









Users Today : 12
Users This Year : 24740
Total Users : 37333
Views Today : 18
Total views : 73477