मीरजापुर
राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने रविवार को जनपद भ्रमण के दौरान राजकीय बाल सम्प्रेक्षण गृह मोर्चाघर और वन स्टॉप सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने विन्ध्याचल पहुंचकर मां विन्ध्यवासिनी देवी का दर्शन-पूजन किया।
सम्प्रेक्षण गृह के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निरुद्ध बालकों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। शयन कक्ष, शौचालय, बिस्तर, साफ-सफाई, प्रकाश, पंखे, कूलर और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। किचन में भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मीनू की जानकारी लेने के साथ स्टोर में रखी खाद्य सामग्री भी देखी।
उन्होंने बच्चों से भोजन समय पर मिलने और खेलकूद की सुविधाओं के बारे में पूछा। शिक्षकों को निर्धारित समय पर पहुंचकर बच्चों को शिक्षित करने का निर्देश दिया। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक 15 दिन में बालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा।
उपाध्यक्ष ने कहा कि सम्प्रेक्षण गृह में बच्चों को घर जैसा माहौल मिलना चाहिए, ताकि वे बाहर निकलने के बाद स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बन सकें।इसके बाद उन्होंने वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर पिछले तीन माह में दर्ज महिलाओं से संबंधित मामलों और उनके निस्तारण की स्थिति देखी।
उन्होंने पीड़ित महिलाओं को दी जा रही विधिक, चिकित्सीय और पुलिस सहायता तथा एफआईआर के मामलों में हुई कार्रवाई की जानकारी ली।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा प्रदेश की हर महिला और बेटी को सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन दिलाने की है।
इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान महिला कल्याण अधिकारी मंजू यादव, क्वार्डिनेटर पूजा मौर्या समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।











Users Today : 23
Users This Year : 24712
Total Users : 37305
Views Today : 93
Total views : 73424