जौनपुर
7 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद-एक व्यंजन (ODOP Dish)’ योजना के तहत जौनपुर के पारंपरिक व्यंजनों इमरती, एटमबम मिठाई और जौनपुर मूली को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज आशुतोष सहाय पाठक ने बताया कि योजना का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए इन पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक और बेहतर विपणन से जोड़ना है।
योजना के तहत व्यंजन उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक पैकेजिंग, फूड टेस्टिंग, शेल्फ लाइफ बढ़ाने, डीप फ्रीजर, कोल्ड चेन, क्लाउड किचन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थापना के लिए ऋण एवं मार्जिन मनी अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
परियोजना लागत के आधार पर अधिकतम 50 लाख रुपये तक की मार्जिन मनी का लाभ दिया जाएगा।
सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांग लाभार्थियों को केवल 5 प्रतिशत स्वयं का अंशदान देना होगा।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्ति msme.up.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस में संपर्क किया जा सकता है।







