गाजीपुर
बारिश के बाद क्षेत्र के कई संपर्क मार्गों की हालत बदतर हो गई है। जगह-जगह जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्डों के कारण राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
क्षेत्र के कोटवा नारायणपुर-लदूडीह मुख्य मार्ग से जुड़े संपर्क मार्ग, कनुवान-धनेठा, जगदीशपुर खास, सियाड़ी, चरखा, अवथहीं-सुखडेहरी कला तथा बसनियां-रेवसड़ा संपर्क मार्ग की स्थिति विशेष रूप से खराब है। गड्डों में पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं।
वहीं मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी होती है। खराब संपर्क मार्गों के कारण कई बार एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में भी दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों की बदहाली का असर शादी-विवाह के रिश्तों पर भी पड़ रहा है और कई लोग खराब रास्तों के कारण यहां रिश्ता करने से हिचकिचाते हैं।
ग्रामीण ओमप्रकाश पांडेय, नीरज राय, विजय शंकर राय, बब्बन पांडेय, विवेक तिवारी, कमलेश कुमार राय, सुधीर राय, रवीन्द्र यादव, बद्रीनाथ ओझा, संतोष कुमार दुबे और महातिम सिंह यादव सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभाग से संपर्क मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जलभराव की समस्या दूर कर आवागमन सुगम कराने की मांग की है।







