दुल्लहपुर ( ग़ाज़ीपुर ) थाना क्षेत्र के ओड़ाई गांव में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। शौच के लिए घर से निकले 21 वर्षीय युवक अभिषेक गोड़ को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन रास्ते में ही जहर पूरे शरीर में फैल गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक गौड़ बुधवार भोर करीब चार बजे शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान अंधेरे में उनका पैर अचानक एक जहरीले सांप पर पड़ गया। सांप ने तुरंत युवक को डस लिया। अभिषेक ने शोर मचाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
सर्पदंश के बाद परिजन बिना देर किए अभिषेक को इलाज के लिए मऊ स्थित फातिमा अस्पताल लेकर रवाना हुए। लेकिन रास्ते में ही जहर तेजी से फैल गया और हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही अभिषेक ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अभिषेक गौड़ सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार नारद गोड़ के सबसे छोटे बेटे थे। जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां मंशा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर हर आंख नम है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने उस जहरीले कोबरा सांप को पकड़ लिया, जिसने अभिषेक को डसा था। ग्रामीणों के मुताबिक, सांप बेहद जहरीला था। घटना के बाद गांव में लोग सतर्क हो गए हैं और अंधेरे में बाहर निकलने को लेकर सावधानी बरत रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दुल्लहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद ग्राम प्रधान गुड्डू राजभर, कोटेदार रमाशंकर चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।










Users Today : 7
Users This Year : 24686
Total Users : 37279
Views Today : 11
Total views : 73319