जमानिया ( गाज़ीपुर ) नगर के व्यस्तम इलाकों में शुमार स्टेशन बाजार स्थित सब्जी मंडी में मंगलवार से सीसी सड़क निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। सड़क के जर्जर हाल से लंबे समय से परेशान स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने इस निर्माण कार्य के शुरू होने पर राहत की सांस ली है। हालांकि, निर्माण प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और सुगमता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाते हुए मार्ग पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्सन लागू कर दिया है।
इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण लगभग 9 लाख 9 हजार रुपये की अनुमानित लागत से किया जा रहा है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) संतोष कुमार ने निर्माण स्थल का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और निर्माण कार्य में जुटे कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
कार्य शुरू होते ही एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों किनारों पर मजबूत बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि निर्माण कार्य बाधित न हो और किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
सड़क की ढलाई और सीसी निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न होने तक इस मार्ग पर हर प्रकार के दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यात्रियों के लिए विशेष सूचना: रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और आम चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कांशीराम आवास मार्ग को वैकल्पिक रूट के रूप में निर्धारित किया है।
नगर पालिका प्रशासन ने क्षेत्र के सभी आम नागरिकों, स्थानीय व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे विकास कार्यों में पूरा सहयोग दें। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि असुविधा से बचने के लिए वे केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के तेजी से पूरा हो सके।
रिपोर्ट विकाश सिंह







