चन्दौली शहाबगंज
एक्सियन चंद्रप्रभा हरेन्द्र कुमार ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि बेन राजवाहा राइट कर्मनाशा के किमी0 9.300 के बायी बैंक से निकलती है तथा राइट कर्मनाशा आगे जाकर बिहार राज्य के भभुआ जिले को सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध कराती है।
समाचार पत्र में प्रकाशित सभी आकडे भ्रामक एवं तथ्यहीन हैं, क्योंकि समाचार पत्र में दिया गया है कि बेन राजवाहा की क्षमता 125 क्यूसेक पानी वहन करनें की है जबकि वर्तमान में इसमें 100 क्यूसेक पानी ही छोडा जा रहा है। जबकि वास्तविकता यह है कि बेन राजवाहा की वास्तविक क्षमता 80 क्यूसेक है तथा इसमें 70 क्यूसेक पानी संचालित हो रहा है।
यह भी समाचार पत्र में भ्रामक रूप से प्रकाशित है कि सिंचाई विभाग के अवर अभियन्ता विकास कुमार द्वारा बताया गया है कि बाँध में पानी कम होने से नहरों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि विकास कुमार नाम का कोई व्यक्ति इस खण्ड में अवर अभियन्ता के पद पर तैनात नहीं है तथा समाचार पत्र में प्रकाशित है
कि अधिशासी अभियन्ता हरेन्द्र कुमार से फोन पर वार्ता की गयी, जबकि हरेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियन्ता से कोई वार्ता नहीं की गयी और जहाँ तक बाँध में पानी की उपलब्धता का सम्बन्ध है वर्तमान में बाँध का जलाशय पूर्णतया भरा हुआ है, पानी की कोई कमी नहीं है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में राइट कर्मनाशा 350 क्यूसेक से चलायी जा रही है, जिसमें से 162 क्यूसेक पानी बिहार को तथा शेष 188 क्यूसेक पानी में से बेन राजवाहा को उसकी वास्तविक क्षमता 80 क्यूसेक के सापेक्ष 70 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है। शेष पानी गाविन्दीपुर राजवाहा तथा लेहरा राजवाहा को दिया जा रहा है।
यह भी अवगतनीय है कि बेन राजवाहा के टेल तक पानी पहुँचाया जा चुका है एवं वर्तमान में किसानों द्वारा पर्याप्त मात्रा में सिंचाई की जा रही है, चूँकि बिहार के भभुआ जिले एवं इस जनपद के चन्दौली जिले में बरसात कम हो रही है जिसके कारण किसानों द्वारा पानी की मांग लगातार बढ गयी है।
वर्तमान में वर्षा कम होने के बावजूद भी जनपद की सभी नहरों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। धान की रोपाई लगभग हो चुकी है। सिंचाई हेतु पानी की कोई समस्या नहीं है।







