चन्दौली
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), मंगलवार। राजकीय महिला चिकित्सालय का मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. परितोष मिश्रा ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, विशेष रूप से प्रसूति एवं प्रसवोपरांत सुविधाओं का जायजा लिया और चिकित्सकों व कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, प्रसव कक्ष, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती महिलाओं से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली
इस दौरान अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. के. चतुर्वेदी भी मौजूद रहे और अस्पताल की कार्यप्रणाली से सीएमओ को अवगत कराया।
निरीक्षण के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परितोष मिश्रा ने कहा कि यह अस्पताल पहले एक प्रसूति केंद्र के रूप में संचालित होता था, लेकिन वर्तमान में राजकीय महिला चिकित्सालय के रूप में बेहतर ढंग से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रसव एवं प्रसवोपरांत दी जा रही स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक हैं और चिकित्सकों द्वारा मरीजों की देखभाल अच्छी तरह की जा रही है।
सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए चिकित्सा अधीक्षक से विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि जिन सुविधाओं की आवश्यकता महसूस होगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार, स्वच्छ वातावरण, आवश्यक दवाएं तथा सभी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने तथा आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।











Users Today : 28
Users This Year : 24717
Total Users : 37310
Views Today : 106
Total views : 73437