मिर्जापुर जनपद की पूर्व लोकप्रिय जिलाधिकारी एवं वर्तमान में राजस्व परिषद में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत दिव्या मित्तल ने गुरुवार को अपने तीन दिवसीय मिर्जापुर प्रवास की शुरुआत विश्वविख्यात माँ विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन और हवन के साथ की। इसके बाद उन्होंने पवित्र गंगा घाट पहुंचकर मां गंगा का आशीर्वाद भी लिया।
दिव्या मित्तल के मिर्जापुर आगमन के साथ ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान वह विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण विषयों पर राय-मशविरा करेंगी। साथ ही आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी फीडबैक लेने की चर्चा है।
हालांकि, आगामी चुनाव लड़ने या सक्रिय राजनीति में आने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इन चर्चाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती।
दिव्या मित्तल अपने कार्यकाल में सादगी, संवेदनशीलता, जनसुनवाई और प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली के कारण आम जनता के बीच बेहद लोकप्रिय रही हैं। आज भी जनपद के लोगों में उनकी अच्छी पकड़ और सकारात्मक छवि मानी जाती है।
यदि भविष्य में वह राजनीति में कदम रखती हैं, तो यह मिर्जापुर की राजनीति में नए समीकरण और नई लकीर खींच सकता है। फिलहाल, उनके तीन दिवसीय प्रवास और विभिन्न मुलाकातों पर सभी की नजर बनी हुई है।







