चन्दौली सैदूपुर
कोतवाली क्षेत्र के उसरी गांव में गुरुवार दोपहर चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर अलमारी और बक्से का ताला तोड़ दिया। चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 42 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
उसरी गांव निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र शिवपूजन पासवान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे परिवार के सभी सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए थे।
इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी व बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और 42 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। कुछ देर बाद घर लौटने पर सामान बिखरा देख परिजनों के होश उड़ गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है।
लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में दिन और रात दोनों समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







